

अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली वन-डे सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली एकदिवसीय मैचों की सीरीज से बाहर हो गये हैं। वहीं, हिटमैन रोहित शर्मा के भी खेलने पर सस्पेंस बरकरार है।
टीम इंडिया को एक दिन में डबल झटका!
रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित शर्मा भी इंजरी की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाली वन-डे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। आईपीएल 2026 के दौरान भी रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की वजह से 5 टी20 मुकाबले नहीं खेल पाए थे। हालांकि, बाद में फिट घोषित होने के बाद मुंबई इंडियंस के लिए शेष मुकाबलों में बल्लेबाजी की थी।

हार्दिक पांड्या को भी पास करना होगा फिटनेस टेस्ट
गौरतलब है कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन-डे मैचों की श्रृंखला के लिए रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और विराट कोहली का भी चयन हुआ था लेकिन इनमें हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को फिटनेस टेस्ट पास करना था। बीसीसीआई की तरफ से निर्देश जारी किया गया था लेकिन अब विराट कोहली के भी चोटिल होने की खबर सामने आयी है और वे अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज से बाहर हो गये हैं।


विदित है कि 39 साल के रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब वे सिर्फ वन-डे क्रिकेट खेलते हैं। इस आईपीएल सीजन में रोहित शर्मा ने 9 मैचों में 35.37 की औसत से दो अर्धशतक के साथ 283 रन बनाए थे।
