गरियाबंद। जिले के कोपरा में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां घर के बाहर खेल रहे दो मासूम भाई-बहन की कचरा फेंकने के लिए बने गड्ढे (घुरवा) में डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू (6 साल) और पोती सुमन साहू (5 साल) बारिश रुकने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे।

इसी दौरान घर से सटे घुरवा गड्ढे में वे डूबे हुए मिले। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। लगातार बारिश के चलते गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट पानी भरा हुआ था, जिससे दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।


खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को घुरवा गड्ढे में पाया गया। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *