


SBI PO Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) के 1500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू हो गई है और उम्मीदवार 8 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. ग्रेजुएशन पास अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है. चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी, जिसमें प्रिलिम्स परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं. चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक सैलरी और अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा.
किस कैटेगरी के लिए कितनी सीटें?
भर्ती में सामान्य वर्ग के लिए 588 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा ओबीसी वर्ग के लिए 390, एससी के लिए 234, एसटी के लिए 144 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 144 पद आरक्षित हैं.

एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और एज लिमिट
आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है. अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें 30 सितंबर 2026 तक डिग्री पूरी करने का प्रमाण देना होगा.
आयु सीमा 21 से 30 वर्ष तय की गई है. आयु की गिनती 1 अप्रैल 2026 के आधार पर होगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी. एससी और एसटी अभ्यर्थियों को 5 वर्ष तथा ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी.
तीन चरणों में होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में प्रिलिम्स परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें अंग्रेजी, रीजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से प्रश्न पूछे जाएंगे. इसके बाद मेंस परीक्षा होगी, जिसमें ऑब्जेक्टिव और डिस्क्रिप्टिव दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल होंगे. अंतिम चरण में साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और पर्सनल इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा. प्रिलिम्स और मेंस परीक्षा में गलत आंसर पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी.
सैलरी, फीस और महत्वपूर्ण तारीखें
चयनित उम्मीदवारों का शुरुआती बेसिक पे ₹48,480 होगा. विभिन्न भत्तों को जोड़कर शुरुआती वार्षिक CTC करीब 21.97 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. चयन के बाद अभ्यर्थियों को 3 वर्ष के लिए 2 लाख रुपये का सर्विस बॉन्ड भी भरना होगा.
आवेदन की फीस सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 750 रुपये रखी गई है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों से कोई फीस नहीं ली जाएगी. आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू होकर 8 जुलाई 2026 तक चलेगी. प्रिलिम्स परीक्षा अगस्त 2026 और मेंस परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है.
