मधयप्रदेश/चुनाव|News T20: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रदेश के नगरीय निकायों के उप चुनाव में भी कांग्रेस को झटका लगा है। 22 वार्डों के लिए हुए उप चुनाव में 16 स्थानों पर भाजपा जीती है।

दो जगह तो भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध कोई प्रत्याशी ही नहीं था। यहां निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कांग्रेस को केवल तीन स्थानों पर जीती मिली। जबकि, तीन वार्डों में निर्दलीय विजयी रहे।

परिणामों ने सिद्ध किया एमपी के मन में मोदी : भाजपा

उप चुनाव में मिली विजय को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत ने फिर सिद्ध कर दिया है कि एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी है।

प्रदेश की जनता ने उप चुनाव में डबल इंजन की सरकार पर जो विश्वास जताया है, उससे स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर प्रदेश की जनता पूरी तरह से भरोसा जता रही है। कांग्रेस पार्टी को मध्य प्रदेश की जनता पूरी तरह से नकार चुकी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका के रिक्त 22 पार्षद पदों के लिए उप चुनाव कराया था। इसके परिणाम मंगलवार को घोषित हुए। पन्ना जिले की नगर पालिका ककरहटी के वार्ड 13 और राजगढ़ की खुजनेर के वार्ड तीन में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीते।

कटनी में दो, करेली, रामनगर में दो, बम्हनीबंजर, रतलाम, सिहोरा, सारणी, पटेरा, डही और सतवास के एक-एक वार्ड में भाजपा के प्रत्याशी विजयी रहे। मांडव, खंडवा और धनपुरी में कांग्रेस और श्योपुर, विजयपुर और मानपुर नगर पालिका में निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *