आज के समय में लैंड रोवर (Land Rover) का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में लग्जरी, रॉयल लाइफस्टाइल और करोड़ों की कीमत वाली एसयूवी की तस्वीर उभर आती है. यह दुनिया की सबसे प्रीमियम कार कंपनियों में गिनी जाती है और इसकी गाड़ियों में सफर करना हर किसी का सपना होता है. बड़े उद्योगपति, फिल्मी सितारे और अमीर लोग इसे अपने स्टेटस सिंबल के तौर पर रखते हैं.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा गांव भी है, जहां यही लग्जरी कारें किसी शौक के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा की टैक्सी के रूप में इस्तेमाल की जाती हैं? यहां दशकों पुरानी लैंड रोवर आज भी पहाड़ी रास्तों पर उसी मजबूती के साथ दौड़ती हैं, जैसे समय इनके लिए थम गया हो.


यह अनोखी जगह है मानेभंजन (Manebhanjan). यह गांव पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है. दार्जिलिंग शहर से इसकी दूरी करीब 28 किलोमीटर है. पहाड़ों के बीच बसा यह छोटा-सा गांव अपनी खूबसूरत वादियों के साथ-साथ एक खास वजह से पूरी दुनिया में मशहूर है. लोग इसे “लैंड रोवरों का गांव” भी कहते हैं.

यहां पहुंचने वाले टूरिस्ट सबसे पहले गांव की सड़कों पर दौड़ती पुरानी लैंड रोवर गाड़ियों को देखकर हैरान रह जाते हैं. कई गाड़ियां 60 से 70 साल पुरानी हैं, लेकिन आज भी बिना किसी परेशानी के ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर आसानी से दौड़ती हैं.

कैसे शुरू हुई लैंड रोवर की कहानी?

मानेभंजन में लैंड रोवर का इतिहास 1960 के दशक से जुड़ा माना जाता है. उस समय ब्रिटिश चाय बागानों के मालिकों और अधिकारियों को पहाड़ी इलाकों में सफर करना पड़ता था. यहां की सड़कें बेहद संकरी, पथरीली और खड़ी चढ़ाई वाली थीं. ऐसे मुश्किल रास्तों पर आम गाड़ियां नहीं चल पाती थीं. इसी वजह से इंग्लैंड में बनी Land Rover Series-1 और उसके बाद के मॉडल यहां लाए गए. इन गाड़ियों की मजबूत बॉडी, दमदार इंजन और कठिन रास्तों पर चलने की क्षमता ने इन्हें लोगों की पहली पसंद बना दिया. धीरे-धीरे गांव के स्थानीय लोगों ने भी इन्हें अपनाना शुरू कर दिया.

कभी थीं 300 से ज्यादा लैंड रोवर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक समय ऐसा था जब मानेभंजन में 300 से ज्यादा लैंड रोवर गाड़ियां चलती थीं. समय के साथ इनकी संख्या कम जरूर हुई, लेकिन आज भी कई पुरानी गाड़ियां पूरी शान से सड़कों पर दौड़ रही हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन गाड़ियों की देखभाल के लिए कहीं बाहर नहीं जाना होता है गांव के मैकेनिक ही इन गाड़ियों को ठीक करते हैं. कई बार इनके पार्ट्स आसानी से नहीं मिलते, इसलिए लोग पुराने पुर्जों की मरम्मत करके या खुद नए पार्ट तैयार करके इन्हें चलने लायक बनाए रखते हैं.

आज भी टैक्सी के रूप में होती हैं इस्तेमाल

मानेभंजन आने वाले टूरिस्ट हमेशा इन लैंड रोवर गाड़ियों में बैठकर संदाकफू (Sandakphu) और आसपास की ऊंची पहाड़ियों की यात्रा करते हैं. यह रास्ता इतना कठिन माना जाता है कि यहां आज भी यही मजबूत गाड़ियां सबसे भरोसेमंद मानी जाती हैं. संदाकफू से साफ मौसम में कंचनजंघा और माउंट एवरेस्ट जैसी ऊंची हिमालयी चोटियों के शानदार नजारे दिखाई देते हैं. यही वजह है कि हर साल हजारों टूरिस्ट इस सफर का अनुभव लेने यहां पहुंचते हैं.

सिर्फ गाड़ियां ही नहीं, संस्कृति भी है खास

मानेभंजन सिर्फ अपनी लैंड रोवर के लिए ही नहीं जाना जाता. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत माहौल और स्थानीय नेपाली-बंगाली संस्कृति भी लोगों को खूब आकर्षित करती है. यहां मिलने वाला स्थानीय खाना और लोगों का अपनापन टूरिस्ट के सफर को यादगार बना देता है. मानेभंजन आज भी उस दौर की याद दिलाता है, जब गाड़ियों की पहचान उनकी मजबूती और भरोसे से होती थी. यहां की पुरानी लैंड रोवर सिर्फ वाहन नहीं, बल्कि गांव की विरासत और पहचान बन चुकी हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *