आयकर विभाग ने 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका निकाला है. विभाग के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र में कैंटीन परिचारक के 7 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. योग्य उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

खास बात यह है कि भर्ती के लिए उम्मीदवारों से किसी तरह का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के तहत वेतन स्तर-1 में नियुक्ति मिलेगी. इस पद पर उम्मीदवारों को 18,000 रुपये से लेकर 56,900 रुपये तक मासिक सैलरी मिल सकती है. भर्ती में लिखित परीक्षा और स्किल परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.


10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

कैंटीन परिचारक के पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है. आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए. 31 अगस्त 2026 को उम्मीदवार की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए. ओबीसी वर्ग को 3 साल और एससी-एसटी वर्ग को 5 साल की छूट दी जाएगी. दिव्यांग, पूर्व सैनिक और एलिजिबल केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को भी नियमानुसार आयु में राहत मिलेगी.

280 उम्मीदवार लिखित परीक्षा के लिए होंगे शॉर्टलिस्ट

विभाग 10वीं के अंकों के आधार पर 280 उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा. यानी प्रत्येक पद के लिए 40 उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा. लिखित परीक्षा में 40 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. पेपर में अंग्रेजी समझ, हिंदी, भोजन एवं पोषण, गणित और स्वच्छता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. गलत आंसर होने पर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे. परीक्षा भोपाल में होगी.

स्किल परीक्षा के बाद मिलेगा चयन

लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को 60 अंकों की स्किल परीक्षा देनी होगी. इसमें भोजन और पेय पदार्थ तैयार करने, खाना संभालने और परोसने के साथ साफ-सफाई बनाए रखने की व्यावहारिक क्षमता जांची जाएगी. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा. चयनित उम्मीदवारों की प्रोबेशन अवधि दो वर्ष रहेगी.

56,900 रुपये तक मिलेगी सैलरी

कैंटीन परिचारक का पद ग्रुप-सी, गैर-राजपत्रित और गैर-मंत्रालयी श्रेणी में आता है. चयनित अभ्यर्थियों को पे लेवल-1 के तहत 18,000 से 56,900 रुपये तक सैलरी मिलेगी. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता और केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य लागू लाभ भी दिए जाएंगे.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *