



बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में NH-130B के सकरी बायपास पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदाबाजार आ रही रॉयल रायपुर ट्रेवल्स की यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 19 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

इनमें चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने ट्रक और बस को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
