



लक्जरी प्रोडक्ट्स की दुनिया में समय-समय पर नए प्रयोग देखने को मिलते रहते हैं. कभी सोने की परत वाली मिठाइयां चर्चा में रहती हैं तो कभी गोल्ड-कोटेड डेजर्ट लोगों का ध्यान खींचते हैं. अब इसी कड़ी में एक नई प्रीमियम ड्रिंक सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है. दावा किया जा रहा है कि भारत में पहली बार 24 कैरेट एडिबल गोल्ड (खाने योग्य सोना) युक्त गोल्ड वोडका पेश की गई है.
सोशल मीडिया पर कई कंटेंट क्रिएटर और यूजर्स इस गोल्ड वोडका की बोतल के वीडियो शेयर कर रहे हैं. बोतल को हिलाने पर उसके अंदर तैरते सुनहरे गोल्ड फ्लेक्स दिखाई देते हैं, जो इसे सामान्य वोडका से अलग और आकर्षक बनाते हैं.

क्या है गोल्ड वोडका?
गोल्ड वोडका एक प्रीमियम श्रेणी की अल्कोहलिक ड्रिंक है, जिसमें बेहद पतले एडिबल गोल्ड फ्लेक्स मिलाए जाते हैं. ये फ्लेक्स खाने योग्य होते हैं और केवल सजावटी व लग्जरी प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. यह ध्यान रखना जरूरी है कि गोल्ड फ्लेक्स मिलाने का उद्देश्य मुख्य रूप से उत्पाद की प्रीमियम प्रस्तुति है. इससे स्वाद या नशे की क्षमता में कोई विशेष बदलाव होने का दावा नहीं किया गया है.
24 कैरेट एडिबल गोल्ड क्या होता है?
एडिबल गोल्ड वह सोना होता है जिसे विशेष प्रक्रिया के बाद खाद्य उपयोग के लिए तैयार किया जाता है. इसका इस्तेमाल दुनिया के कई देशों में मिठाइयों, चॉकलेट, केक, डेजर्ट और कुछ प्रीमियम पेय पदार्थों की सजावट के लिए किया जाता है. यह सामान्य आभूषणों में इस्तेमाल होने वाले सोने से अलग तरीके से तैयार किया जाता है और इसका उद्देश्य केवल सजावटी होता है.
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?
हाल के दिनों में कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग इस गोल्ड वोडका की बोतल दिखाते नजर आ रहे हैं. बोतल के भीतर तैरते सुनहरे फ्लेक्स लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. कई यूजर्स इसे लग्जरी लाइफस्टाइल का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसकी कीमत और अनोखे कॉन्सेप्ट को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
वायरल दावों के अनुसार, गोल्ड वोडका की अलग-अलग वैरायटी और पैकेजिंग के आधार पर इसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये से साढ़े तीन रुपये तक हो सकती है. हालांकि, कीमत ब्रांड, बोतल के आकार, राज्य के टैक्स और उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
