नई दिल्ली. विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह भीषण आग में झुलसे भारतीयों की सहायता की निगरानी करने और मारे गए लोगों के शवों को शीघ्र स्वदेश लाने के लिए तत्काल कुवैत के लिए रवाना हो रहे हैं. सिंह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर कुवैत जा रहे हैं.

अधिकारियों ने कहा कि दक्षिणी कुवैत में मजदूरों की एक इमारत में आग लगने से 40 से अधिक लोग मारे गए जिनमें अधिकतर भारतीय हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. इस बीच, पीएम मोदी ने कुवैत हादसे को लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग भी बुलाई है, जहां हालात पर चर्चा की जाएगी.


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशानुसार, विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह आग त्रासदी में झुलसे लोगों की सहायता की निगरानी करने और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए लोगों के शवों को शीघ्र स्वदेश लाने के वास्ते स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करने के लिए तत्काल कुवैत के लिए रवाना हो रहे हैं.”

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुवैत में आग लगने की एक घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया और कहा कि वहां स्थित भारतीय दूतावास स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और प्रभावितों की सहायता के लिए वहां के अधिकारियों के साथ काम कर रहा है.

कुवैत के दक्षिण मंगाफ जिले में स्थित एक इमारत में बुधवार तड़के आग लगने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई. इस इमारत में अनेक श्रमिक रह रहे थे. मृतकों में अधिकतर भारतीय कामगार हैं. फारस की खाड़ी के दूसरे देशों की तरह कुवैत में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक काम करते हैं, जिनकी संख्या स्थानीय आबादी से कहीं ज्यादा है.

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कुवैत सिटी में आग लगने की घटना दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने निकट और प्रियजनों को खो दिया है. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” उन्होंने कहा, “कुवैत में भारतीय दूतावास स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और प्रभावितों की सहायता के लिए वहां के अधिकारियों के साथ काम कर रहा है.”

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed