मैत्री गार्डन चौक पर कांग्रेसियों का विरोध प्रदर्शन, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नारेबाजी और पुतला दहन

भिलाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रिसाली स्थित मैत्री गार्डन चौक पर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला छीनने को लेकर धक्का-मुक्की भी हुई।

प्रदेशव्यापी विरोध के तहत किया गया प्रदर्शन

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि केंद्र और राज्य सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। इसी के विरोध में प्रदेशभर में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।


पुलिस ने रोका, कांग्रेसियों ने किया पुतला दहन

प्रदर्शन को देखते हुए मैत्री गार्डन चौक पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर रैली के रूप में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जब कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने और पुतले छीनने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंततः दोनों पुतलों में आग लगा दी। बाद में पुलिस ने जलते हुए पुतलों पर पानी डालकर आग बुझाई।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, एआईसीसी सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, पूर्व महापौर, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, अल्पसंख्यक विभाग, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *