रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवती की नाबालिग लड़कियों व महिला ने बीच सड़क पर लात-घूंसे से जमकर पिटाई की। इस दौरान कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी किये, लेकिन आरोपियों ने किसी की नहीं सुनी। इतना ही नही नाबालिग लड़कियों के द्वारा मारपीट के दौरान पीड़ित युवती के कपड़े भी निकालने की कोशिश की गई।

जानिए पूरा मामला

मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बिना विलंब वायरल वीडियो की जांच प्रारंभ की और कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया गया।


वायरल वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

कोतवाली पुलिस द्वारा वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण किया गया, जिसमें मारपीट की घटना मेरीन ड्राइव रोड पर होना पाया गया। क्षेत्र के लोगों से पूछताछ करने पर वीडियो में मारपीट करती दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। आज तड़के पुलिस टीम ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे तलब किया।

पूछताछ के दौरान उसने मारपीट में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें भी तलब किया गया। जांच में दोनों नाबालिग बालिकाएं निकलीं, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

जानिए पूरा मामला

आज ही 19 वर्षीय पीड़िता थाना कोतवाली पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में कार्य करती है। 30 जून की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार सामान छोड़कर वापस लौट रही थी। मरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने मोटरसाइकिल आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

यहां देखिए वीडियो

विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों व मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर पीड़िता की सहेली व राहगीरों ने बीच-बचाव किया।

पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि मारपीट करने वाली सेल्फी ले रही थी, तभी पीड़िता और उसकी सहेली हंसते हुए गुजरे तो आरोपी लड़कियों को लगा कि उन्हें देखकर हंस रही और इसी बात को लेकर बेवजह मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं लड़कियों ने पीड़िता के कपड़े भी निकालने की कोशिश भी की थी।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी, पति खबीब खान 38 वर्ष निवासी चांदनी चौक फौजदारपारा रायगढ़ को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। वहीं घटना में शामिल दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध भी विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश और कोतवाली पुलिस की तत्परता से मुख्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त व त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed