


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। तखतपुर थाना में पूर्व में पदस्थ रहे एक आरक्षक को युवती से शादी का झांसा देकर लंबे समय तक कथित दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शादी का वादा कर तीन साल तक संबंध बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरक्षक सनत मीरी ने उससे शादी का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास में पिछले तीन वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत की जांच की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक सनत मीरी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच जारी, कोर्ट में किया जाएगा पेश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों को केस डायरी में शामिल किया जाएगा और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
