


बालोद। बालोद में चोरी का अनूठा मामला सामने आया है। चोरी के मामले में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात ये है कि चोरी के इस मामले उसकी मां की संलिप्तता भी उजागर हुई। लिहाजा पुलिस ने नाबालिग लड़के के साथ-साथ उसकी मां को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूरा मामला बालोद जिले के कोतवाली थाना इलाके के पांडेपारा क्षेत्र का है। एक नाबालिग ने अपने ही चाचा के घर से करीब 5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी के बाद उसने 3 लाख 60 हजार रुपये अपनी मां को दे दिए, जबकि बाकी रकम खुद खर्च कर दी।
मां ने लौटाने से किया इनकार
पुलिस जांच में चोरी का खुलासा होने के बाद नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अधिकांश रकम अपनी मां को दी थी।जब पुलिस ने मां से चोरी की रकम वापस करने को कहा तो उसने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। जांच में सामने आया कि चोरी के पैसे खर्च किए जा चुके थे।

नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।वहीं, चोरी की रकम अपने पास रखने और उसे खर्च करने के आरोप में उसकी मां के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरी की शेष राशि के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
