


जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आनंद राम माली (50) और उनकी पत्नी धोबनीन माली (45) के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी खेत में कृषि कार्य के सिलसिले में गए थे। इसी दौरान मौसम बदला।
तेज गर्जना और बारिश के बीच बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डभरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपति की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं प्राकृतिक आपदा राहत के तहत नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।
