अर्जुनी। अर्जुनी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुस्कान रात्रे (9) और श्रुति रात्रे (8) के रूप में हुई है। दोनों अशोक रात्रे की बेटियां थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां दोपहर करीब 12:30 बजे गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब में अपनी दादी के साथ नहाने गई थीं।

इस दौरान दादी तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बहनें पानी में खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। कुछ देर तक जब बच्चियां नजर नहीं आईं तो दादी ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास मौजूद ग्रामीणों को सूचना दी गई और सभी ने मिलकर तालाब में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को पानी में डूबा हुआ पाया गया।


ग्रामीणों ने तुरंत दोनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार और अकलतरा पुलिस स्टेशन को दी गई।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तालाब में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजन बार-बार बच्चों को याद कर बेसुध हो जा रहे थे। प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं।

शुरुआती तौर पर इसे एक दुखद हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *