दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के छातागढ़ क्षेत्र में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों के समूह में शामिल दो बच्चे नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद सुबह शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में एक बच्चे रेहान का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्ग के उरला निवासी करीब 7-8 बच्चे जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद शाम करीब 4 बजे इनमें से दो बच्चे शिवनाथ नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान वे नदी के तेज बहाव में बहने लगे। किनारे मौजूद एक अन्य दोस्त ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका।


हादसे के बाद बच्चे काफी देर तक अपने स्तर पर दोनों दोस्तों की तलाश करते रहे। करीब तीन से साढ़े तीन घंटे बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में परेशानी आई।

बताया जा रहा है कि रात होने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण SDRF की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद सुबह सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। तलाशी के दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दूसरे बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

नदी में बहने वाले दोनों बच्चों की पहचान 14 वर्षीय रेहान और 12 वर्षीय आरव के रूप में हुई है। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है। गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले 19 अप्रैल को भी इसी छातागढ़ क्षेत्र में शिवनाथ नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद एक बार फिर इसी स्थान पर हादसा होने से सुरक्षा व्यवस्था और नदी में नहाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *