



सक्ती। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) सक्ती के प्राचार्य मनोज गुप्ता को कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर की संदिग्ध मौत के बाद निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली के आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। जारी आदेश के अनुसार, प्राचार्य मनोज गुप्ता के खिलाफ केंद्रीय सिविल सेवा (CCS) नियम, 1965 के नियम 10(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नया रायपुर स्थित EMRS सोसायटी से संबद्ध किया गया है।
कलेक्टर ने गठित की 4 सदस्यीय जांच समिति
छात्र की संदिग्ध मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती कलेक्टर ने 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति में सक्ती एसडीएम, एसडीओपी, बीईओ और बीएमओ को शामिल किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। कलेक्टर ने समिति को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


जानिए क्या है पूरा मामला
मामला एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास ग्राम पलाड़ी खुर्द का है। मृतक छात्र का नाम उमेश कंवर था, जो कक्षा 9वीं में पढ़ता था और ग्राम बासिन का रहने वाला था। गुरुवार सुबह जब अन्य छात्र बाथरूम गए तो इस घटना का खुलासा हुआ। उमेश बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को सक्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि पहले भी स्कूल प्रबंधन की शिकायत लेकर छात्र कलेक्टर कार्यालय गए थे। फिलहाल पुलिस ने छात्र की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच समिति की रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
