
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बेटे ने पिता पर लकड़ी से हमला कर दिया। घटना में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक घर में दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान बेटा आ पहुंचा और पिता को शराब पार्टी करते देख विवाद करने लगा।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने लकड़ी से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद रात भर शव को घर में ही रखा था। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक संतु कोठारी 70 वर्ष रेलवे का रिटायर्ड कर्मचारी था।

जानिए पूरा मामला
घटना तिल्दा थाना क्षेत्र की है। तिल्दा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 4 में संतु कोठारी 70 वर्ष अपने परिजनों के साथ रहता था। संतु शराब का आदि था और शराब को लेकर बेटे से विवाद होता रहता था। बीती रात संतु अपने घर में दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान बेटा वीरेंद्र कोठारी 40 वर्ष वहां आ पहुंचा।


बेटे ने पिता की हरकतें देख उसे डांट-फटकर लगाई। इसी बीच पिता शराब के नशे में बेटे से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और बेटे बीरेंद्र कोठारी ने घर में रखी लकड़ी से पिता पर वार कर दिया। घटना में बुजुर्ग के सीने, शरीर समेत अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता की मौत के बाद रात भर शव को घर में ही रखा था।
सुबह वार्ड पार्षद को सूचना मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर आगे की जांच कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग घटना की ही चर्चा कर रहे है।
