



जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाना और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करना, जांजगीर में सामने आए इस मामले में पुलिस ने एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से मारपीट कर 60 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी लूट ली थी।
कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से युवती की दोस्ती कराई। इसके बाद युवती ने उसे मिलने के बहाने चांपा बुलाया।

युवक जब बताए गए स्थान पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया। मड़वा प्लांट के पास 4 नवंबर की रात हुई इस वारदात में आरोपियों ने चाकू की नोक पर युवक के साथ मारपीट की और उससे 60 हजार रुपये नकद व सोने की अंगूठी लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वारदात में शामिल युवती सहित छह आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर लोगों को मिलने बुलाने और फिर लूटपाट करने के तरीके को लेकर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाया है।
