महासमुंद। शहर के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट्स में तैयार किए जा रहे एनालॉग पनीर की लैब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। जांच में पनीर का सैंपल मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया। इसके बाद खाद्य एवं सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया और करीब 299 किलो पनीर नष्ट कराया।

शिकायत के बाद टीम ने दी थी दबिश

जानकारी के मुताबिक वैद्य फूड प्रोडक्ट्स में पनीर तैयार किए जाने को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद 16 अगस्त की रात राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में जांच की थी। कार्रवाई के दौरान टीम को करीब तीन क्विंटल पनीर मिला था। अधिकारियों ने मौके से पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा था।


जांच रिपोर्ट में फैट, स्टार्च और शुगर मिला

लैब से आई रिपोर्ट में पनीर के सैंपल में फैट, स्टार्च और शुगर की मात्रा पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सैंपल को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित बताया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने फैक्ट्री में दोबारा कार्रवाई की।

फैक्ट्री सील, संचालक पर केस की कार्रवाई

तहसीलदार जुगल किशोर पटेल और खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी उमेश वर्मा की टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया। मौके पर मौजूद करीब 299 किलो पनीर को नष्ट कराया गया। वहीं फैक्ट्री संचालक शोभित सिंह के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 59 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की जांच और नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *