



भिलाई। सुपेला अंडरब्रिज के समीप एक युवक रेलवे ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के बीटीपीएन वैगन (आयल परिवहन वाला वैगन) पर चढ़ गया। वैगन की छत पर पहुंचते ही वह रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन के संपर्क में आ गया। इससे उसे तेज करंट लगा और वह नीचे जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्थानीय पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बाद में घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार घायल की पहचान गणेश गुप्ता, निवासी गौतम नगर, सुपेला के रूप में हुई है। बताया गया कि सिग्नल नहीं मिलने के कारण मालगाड़ी सुपेला अंडरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर खड़ी थी। इसी दौरान गणेश वैगन की सीढ़ी पकड़कर ऊपर चढ़ने लगा।

छत पर पहुंचते ही वह ओएचई लाइन के अत्यधिक निकट पहुंच गया और करंट लगने से नीचे गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने से युवक का शरीर कई जगह बुरी तरह झुलस गया। नीचे गिरने के बाद वह तड़पता रहा। लोगों ने तत्काल डायल-112 और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। घायल युवक बार-बार उसे अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाता रहा।
सूचना के कुछ समय बाद पहुंची एंबुलेंस से स्थानीय लोगों की मदद से उसे शास्त्री अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के समय युवक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह दो अन्य युवकों के साथ रेलवे ट्रैक के पास नशा कर रहे थे। इसके बाद वह अचानक मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया और ओएचई लाइन की चपेट में आ गया। बताया गया कि ट्रेन के गार्ड ने उसे रोकने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन तब तक हादसा हो चुका था।
