



बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 638/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में की गई है। आरोपी युवती की पहचान आकांक्षा सिदार (21 वर्ष), निवासी भटगांव, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है।
होटल में विवाद के बाद उठाया था आत्मघाती कदम
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक विकास गुप्ता (22 वर्ष) और आरोपी युवती के बीच प्रेम संबंध थे। 27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी क्षेत्र के एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद विकास गुप्ता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक का रायपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां 1 फरवरी 2026 को उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद हुई मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आई कि मृतक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया। इसी पुष्टि के बाद युवती के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को आरोपी युवती को विधिवत गिरफ्तार किया और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
