कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम लाद में हुई इस वारदात में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महज 2 हजार रुपये लूटने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या की साजिश रची थी।

मृतका की पहचान भगमतिया बाई के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले शराब पीने के दौरान महिला के घर में रखे पैसों की जानकारी जुटाई। इसके बाद देर रात घर में घुसकर चोरी करने की योजना बनाई। आरोप है कि जब भगमतिया बाई घर में सो रही थीं, तभी आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया।


उनका हाथ पकड़कर रखा गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखी पेटी और बैग से करीब 2 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, लूट की रकम को तीनों ने आपस में बांट लिया था।

मामूली रकम के लिए एक बुजुर्ग महिला की जान लेने की इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इंद्रपाल अगरिया (43), उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33) और देव कुमार मरकाम (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इंद्रपाल अगरिया मृतका के यहां गाय-बैल चराने का काम करता था।

इसी दौरान उसे घर में पैसे रखे होने की जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on