



दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम दुगेली में जादू-टोना करने की शंका में एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारा था। मामला बचेली थाना क्षेत्र का है।
चेहरे और सीने पर हमला कर की थी हत्या
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विजय कर्मा निवासी माड़कापारा दुगेली ने मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आयतु राम कर्मा (42 वर्ष) की 21 नवंबर 2026 की शाम 7 बजे से 22 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से चेहरे और सीने पर वार कर हत्या कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आए आरोपियों के नाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुंटे और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान ग्राम दुगेली के धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ की गई। इस दौरान लच्छू कर्मा (42 वर्ष) और मुद्दा कर्मा (30 वर्ष) पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया गया।

जादू-टोना के शक में आरोपियों ने की हत्या
इसके बाद पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्हें आयतु कर्मा पर गांव में जादू-टोना (बड्डे) करने का शक था। इसी बात को लेकर उनके मन में मृतक के प्रति रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते 21 नवंबर की रात उन्होंने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े से आयतु कर्मा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
