CG Fake Liquor Racket: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। देर रात खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागर में की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध और नकली शराब, नकली होलोग्राम, पैकिंग सामग्री तथा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

झारखंड-ओडिशा से अवैध शराब लाकर बेच रहा था

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी झारखंड और ओडिशा से अवैध शराब लाकर उसे विभिन्न कंपनियों की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलों में पैकिंग करता था। इसके बाद बोतलों पर नकली होलोग्राम और सील लगाकर उन्हें असली उत्पाद के रूप में बाजार में खपाया जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क लंबे समय से एक्टिव था और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धड़ल्ले से शराब की सप्लाई कर रहा था।


नकली शराब की 3 तस्वीरें-

CG Fake Liquor Racket

CG Fake Liquor Racket

शासन को भी लग रहा था चूना

एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया गया। छापेमारी में लाखों रुपये की अवैध शराब के साथ नकली होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।  जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि नकली ब्रांडिंग और अवैध बिक्री के जरिए न केवल उपभोक्ताओं के हेल्थ से खिलवाड़ किया जा रहा था, बल्कि शासन को आबकारी राजस्व (Excise Revenue) का भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

आरोपी से पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। अफसरों का मानना है कि पूछताछ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *