


रायपुर। रायपुर ग्रामीण के सिलयारी चौकी क्षेत्र में नाबालिग बालिका से हुए दुष्कर्म मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। पीड़िता के दादा ने केस सेटलमेंट करने के नाम पर आरोपी पक्ष से 5 लाख की डिमांड की थी। करीब 1.30 लाख पर सहमति बनी थी। आरोपी पक्ष और पीड़िता के दादा का रूपए लेते सोशल मीडिया पर वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक मेडिकल स्टोर्स पर ये पूरी डील हो रही है। वीडियो में आरोपी पक्ष से पीड़िता का दादा रूपए लेते दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने चंद्रशेखर यदु और पीड़िता के दादा को गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि इस मामले में सिलयारी थाना प्रभारी को एसपी ग्रामीण ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

जानिए पूरा मामला
दरअसल, चौकी सिलयारी में 18 अप्रैल को गुमशुदा बालिका के पिता के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि उसकी नाबालिग बेटी 17 अप्रैल से गुम हो गयी है। इस पर थाना धरसीवा में 137(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। जाँच के दौरान गुमशुदा बालिका को 18 अप्रैल को खोजा गया। पीड़िता का महिला पुलिस के द्वारा बयान दर्ज करवाया गया।
साथ ही बाल कल्याण समिति व न्यायालय के समक्ष पेश कर 183 बीएनएसएस का कलमबंद बयान दर्ज कराया गया। बालिका के द्वारा किसी भी प्रकार अपराध होने से इंकार किया गया व प्रकरण ख़ारिज के लिये वरिष्ठ कार्यालय भेजा गया। इसी बीच इसी मामले में नाबालिग के दादा का एक वीडियों वायरल हुआ, जिसमें अपराध को छुपाने के लिए पैसे लेते हुए दिखाया गया था।
इस आधार पर पुलिस एसपी ग्रामीण के द्वारा खारजी प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए फिर से जाँच के आदेश दिए गए। जाँच के दौरान नाबालिग का बयान दर्ज करवाया गया, जिसमें खुद के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात कही। पीड़िता के बयान के बाद 2 आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस द्वारा वायरल वीडियों की पुष्टि कर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। अगर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पायी जाती है तो पॉक्सो के तहत् उस पर भी कार्रवाई की जायेगी। वहीँ, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म केस की जाँच में लापरवाही बरतने पर सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिंन्हा ने निलंबित कर दिया है।
