कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली नोट, प्रिंटिंग सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान युगल नाग (29 वर्ष) निवासी कोदागांव, कांकेर के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में चलाने के काम में शामिल था। पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नकली नोटों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500 रुपये के कुल 1100 नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 6 लाख 54 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने A-4 साइज के प्रिंट किए गए पेपर, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से नकली नोट तैयार कर रहा था। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि नकली नोटों को असली जैसा दिखाने के लिए आधुनिक प्रिंटिंग तकनीक और उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और नकली नोटों की सप्लाई अन्य जिलों तक भी की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं। जांच एजेंसियां आरोपी के बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 178, 179 और 180 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *