रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तीन दिन पहले मिली युवती की निर्वस्त्र लाश मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह इलाके में मिली युवती की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता थीं। मृतका की पहचान होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं घटना को लेकर अधिवक्ता संघ और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतका की पहचान होने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि एक महिला अधिवक्ता की इस तरह हत्या होना बेहद गंभीर मामला है और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचना चाहिए।


इस दौरान मृतका की बहन भी अधिवक्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि आराधना सिदार का किसी से कोई विवाद नहीं था। परिवार को इस तरह की घटना की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन परिवार के लोगों ने आराधना को फोन किया था, लेकिन कॉल किसी अंजान युवती ने रिसीव किया।

वह आराधना की आवाज में बात करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन परिवार वालों ने आवाज पहचान ली और उन्हें कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ। परिजनों का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है। परिवार को आशंका है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी सबूत मिटाने की कोशिश कर सकते हैं।

उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच तेज की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद अधिवक्ता संघ में भी भारी नाराजगी है। वकीलों ने कहा कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अधिवक्ताओं ने इसे कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष और तेज जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि तीन दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह इलाके में एक युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था और पहचान की कोशिश शुरू की थी।

मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान कर ली गई है और जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता संघ की ओर से ज्ञापन सौंपा गया है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *