



दुर्ग। शराब के नशे में स्कूल बस चलाने का खामियाजा ड्राइवर को जेल जाकर भुगतना पड़ा। कोर्ट ने तीन दिन कैद की सजा सुनाई है।
नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
दरअसल, एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों एवं उनके चालकों की विशेष जांच की जा रही है।

इसी क्रम में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कल की गई जांच के दौरान स्कूल बस चालक गोपीराम विश्वकर्मा को शराब का सेवन कर बस चलाते हुए पाया गया। चालक की इस गंभीर लापरवाही पर यातायात पुलिस ने तत्काल केपीएस कुठेला भाठा दुर्ग की स्कूल बस CG 07 CT 0968 को जप्त कर प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया।
अर्थदंड जमा नहीं करने पर 30 दिन की जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी चालक गोपीराम विश्वकर्मा को धारा 185 मोटर यान अधिनियम के तहत 3 दिन साधारण कारावास व 10,000 अर्थदंड और धारा 184 के तहत 5,000 अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड जमा नहीं करने की स्थिति में धारा 185 के लिए 30 दिवस तथा धारा 184 के लिए 10 दिवस अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस प्रकार अर्थदंड अदा नहीं करने पर कुल 40 दिवस का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
स्कूल बस में छोटे-छोटे बच्चे यात्रा करते हैं। ऐसे में चालक द्वारा शराब के नशे में बस चलाना बच्चों के जीवन को गंभीर खतरे में डालने वाला कृत्य है। न्यायालय द्वारा की गई यह कार्रवाई स्कूल बस चालकों के लिए स्पष्ट संदेश है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा स्कूल बसों एवं उनके चालकों की जांच लगातार जारी रहेगी। जांच के दौरान शराब सेवन, तेज गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करना अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्कूल प्रबंधन को पत्र
स्कूल बस में चालक द्वारा की गई इस गंभीर लापरवाही की रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई है। साथ ही, स्कूल प्रबंधन की जवाबदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के संबंध में स्कूल प्रबंधन को भी पत्र भेजा गया है।
यातायात पुलिस की अपील
स्कूल बस चालक पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ वाहन चलाएं तथा किसी भी परिस्थिति में शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
