सारंगढ़- बिलाईगढ़। जमीन विवाद को लेकर एक युवती की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरा मामला सारंगढ़- सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पिंडरी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतिका की पहचान तुलबाई जांगड़े (35 वर्ष), निवासी पिंडरी के रूप में हुई है।

वह पिछले कुछ वर्षों से मेडहापाली भोजपुर गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार को किसी काम से अपने गांव पिंडरी आई हुई थी। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर परिवार के ही एक नाबालिग युवक के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक ने चाकू से युवती पर हमला कर दिया।


हमले में गंभीर रूप से घायल तुलबाई को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस घटना स्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस फरार नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *