बलरामपुर। जिले के चांदो थाना क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के सिर और चेहरे पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में मृतिका के ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुड़कमपाट (चंचलचुवों) निवासी 46 वर्षीय पलंगी नगेशिया का शव भीतरकोना जंगल में पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में मिला था। शव खून से लथपथ था और महिला के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही चांदो पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को हत्या में मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया (47) की संलिप्तता का पता चला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पुरानी पारिवारिक रंजिश का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, करीब दो से तीन महीने पहले आरोपी के छोटे बेटे और मृतिका की नातिन के बीच बच्चों को लेकर विवाद हुआ था।


इस विवाद के दौरान पलंगी नगेशिया और मदन नगेशिया के बीच भी कहासुनी हुई थी। दोनों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा भी हुआ था। इसी घटना को लेकर आरोपी के मन में महिला के प्रति नाराजगी बनी हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में मदन नगेशिया को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *