



रायपुर/ललितपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा झांसी हाइवे पर झरर घाट के पास उस समय हुआ, जब उनकी इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव और उनका चालक घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सभी लोग सपरिवार बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे मध्य प्रदेश के दतिया से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। तालबेहट पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालबेहट पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद किरण सिंह देव और चालक की गंभीर चोटें देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी हाइवे पर खड़े ट्रक से इनोवा के पीछे से टकराने के कारण हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारु कराते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल, किरण सिंह देव का झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
