बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में कथित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम कटगी के सरपंच को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि जांच में युवती की शिकायत असत्य पाई गई, जिसके बाद पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

18 वर्षीय युवती से दर्ज कराई गई थी शिकायत

पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय युवती ने अपने बयान में बताया कि उसकी एक सहेली और उसके परिचित उसे यह कहकर अपने साथ ले गए कि उन्हें गांव की एक युवती की मदद करनी है। बाद में उसे ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया गया। युवती ने यह भी बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बदले उसे तीन लाख रुपये दिलाने का लालच दिया गया था।


जांच में सामने आई कथित साजिश

कसडोल थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में यह मामला पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत हुआ, जिसका उद्देश्य ग्राम कटगी के सरपंच को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाना था।

पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर

जांच के बाद पुलिस ने ग्राम कटगी निवासी भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, एक युवती (ज्योति-परिवर्तित नाम) तथा पत्रकार विजय तिवारी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक, इन सभी पर आरोप है कि इन्होंने मिलकर युवती को बहला-फुसलाकर झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया और पूरी साजिश को अंजाम देने का प्रयास किया। कसडोल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2) और 45 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *