सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सनसनीखेज माता-पिता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। धौरपुर थाना क्षेत्र में मां और पिता की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दोनों की हत्या करने के बाद शवों को बोरे में बांधकर कमरे में बंद कर दिया था और मौके से फरार हो गया था। जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा का है।

यहां रहने वाले हीराधर यादव उम्र 55 वर्ष और उनकी पत्नी गुलाबी यादव उम्र 50 वर्ष का शव उनके ही घर के एक कमरे में मिला था। दोनों के शव बोरे में बंद थे। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। बताया गया कि रविवार रात हीराधर यादव अपनी पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे जदू यादव उम्र 34 वर्ष के साथ पुराने घर में सो रहे थे।


सोमवार सुबह जब घर के दरवाजे बंद मिले तो परिवार के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद घर की जांच की गई। मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन यादव सुबह दूध लेने के लिए पुराने घर पहुंचा था। उसने देखा कि घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद थे और कुंडी लगी हुई थी। उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ मिलकर अपने माता-पिता और बड़े भाई की तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद मोहन और सुकृत ने घर की कुंडी खोलकर अंदर प्रवेश किया। तलाश के दौरान एक कमरे में ताला लगा मिला। जब ताला तोड़कर कमरे को खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में बोरे में बंद हीराधर यादव और गुलाबी यादव के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को कमरे की दीवार पर खून के छींटे मिले। वहीं जिस स्थान पर शव मिले थे, वहां ताजा गोबर से लिपाई भी की गई थी। घटना के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार था। पुलिस को उसी पर हत्या का संदेह था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।

जांच और तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी जदू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने माता-पिता की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने टांगी से दोनों पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने रात में दोनों शवों को बोरे में बांधकर कमरे में रख दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार हीराधर यादव गांव के बड़े किसान थे और परिवार के साथ पुराने घर में रहते थे। माता-पिता की हत्या के मामले में बेटे की गिरफ्तारी के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *