


रायपुर। पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत आमानाका पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2025 में 04 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। 01.11.2025 को थाना आमानाका क्षेत्र अंतर्गत 04 वर्षीय बालक मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
प्रारंभिक जांच में बालक को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। घटना पर थाना आमानाका में मर्ग 67/2025 धारा 194 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। मृतक बालक के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा बालक की मृत्यु गला दबाकर हत्या किए जाने से होना बताया गया।

रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में अपराध क्रमांक 21/26 धारा 103 बीएनएस कायम कर विस्तृत विवेचना की गई। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक की मां एवं आरोपी जयदीप सिंह पिता बलविंदर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी टाटीबंध, रायपुर के बीच अवैध संबंध थे तथा आरोपी का मृतक के घर आना-जाना था।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी मृतक बालक को अपने संबंधों में बाधक मानता था। इसी कारण उसने बालक की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया। प्रकरण में फ़रार आरोपी की गिरफ़्तारी हेतु डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल ,एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में एसीपी पुरानीबस्ती देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल के नेतृत्व में टीम बनाकर पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
10.06.2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी- जयदीप सिंह, पिता बलविंदर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी टाटीबंध, थाना आमानाका, जिला रायपुर।
