


अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 19 साल के युवक की मौत हो गई, कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार भिट्टीकला के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र का है।
मंगलवार रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार, भिट्टीकला के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार से किसी तरह बाहर निकला ड्राइवर, एक युवक फंसा रहा
हादसे के बाद ड्राइवर दीपक सोनी किसी तरह कार से बाहर निकला। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कार में सवार तेजपाल (19) वाहन में ही फंस गया। सूचना मिलने पर मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बारिश के बीच पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का गेट खोलकर युवक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक तेजपाल निवासी अमगसी मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से लखनपुर जाने की बात कहकर निकला था। वहां उसकी मुलाकात नरकालो निवासी दीपक सोनी से हुई। इसके बाद दोनों कार से अंबिकापुर गए थे और देर रात लौट रहे थे।
तेज बारिश बनी दुर्घटना की वजह
हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश और कम दृश्यता के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख सका, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
