किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए, इसका अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल है. कई बार जिंदगी में एक छोटा सा फैसला या किसी करीबी की सलाह इंसान की पूरी दुनिया बदल देती है. अमेरिका के मैरीलैंड से सामने आई एक ऐसी ही दिलचस्प कहानी इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रही है. यहां एक महिला ने अपनी भाभी की बात मानकर सिर्फ मजाक-मजाक में लॉटरी टिकट खरीदा था, लेकिन अगले ही पल उसकी किस्मत ऐसी चमकी कि वह लाखों रुपये की मालकिन बन गई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला मैरीलैंड के सेवेर्न इलाके का है. महिला अपनी भाभी के साथ रीस रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंची थी. वहां मौजूद एक्सॉन स्टेशन पर उसकी भाभी हमेशा की तरह लॉटरी टिकट खरीद रही थी. दरअसल, भाभी को लंबे समय से लॉटरी खेलने का शौक था और वह अक्सर अपनी किस्मत आजमाती रहती थी. इसी दौरान उन्होंने अपनी ननद को भी टिकट खरीदने की सलाह दी.


800 रुपये में खरीदी थी टिकट

पहले तो महिला ने इस बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया, क्योंकि उसने जिंदगी में बहुत कम बार ही लॉटरी खेली थी. लेकिन भाभी के बार-बार कहने पर उसने आखिरकार एक स्क्रैच-ऑफ टिकट खरीद लिया. यह टिकट ट्रिपल रेड 7एस मल्टीप्लायर नाम का था. जिसकी कीमत केवल 10 डॉलर यानी करीब 800 रुपये थी. महिला को बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह छोटा सा टिकट उसकी जिंदगी बदलने वाला है.

जीते 65 लाख रुपये

जैसे ही महिला ने टिकट को स्क्रैच करना शुरू किया, उसकी आंखें खुली की खुली रह गईं. टिकट पर $77,777 का बड़ा इनाम निकला था. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 65 लाख रुपये के बराबर बताई जा रही है. अचानक मिली इस खुशखबरी को देखकर महिला और उसकी भाभी दोनों खुशी से झूम उठीं. पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग भी यह नजारा देखकर हैरान रह गए.

भाभी को हुई खुशी

इस पूरी घटना में सबसे मजेदार बात विजेता महिला की भाभी का रिएक्शन रहा. उन्होंने हंसते हुए बताया कि वह कई सालों से लगातार लॉटरी खेल रही हैं, लेकिन उन्हें कभी इतना बड़ा इनाम नहीं मिला. वहीं उनकी ननद, जिसने सिर्फ कभी-कभार टिकट खरीदा, पहली बार में ही बड़ा जैकपॉट जीत गई. किस्मत इंसान की जिंदगी कब बदल दे, इसका कोई भरोसा नहीं. कभी-कभी एक छोटी सी सलाह या एक मामूली फैसला इंसान को रातों-रात करोड़पति बना सकता है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *