धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी के पास की है। महिला बाइकर 23 सदस्यों वाले राइडर्स ग्रुप के साथ रायपुर से बस्तर (कांकेर) की ओर जा रही थीं, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

धमतरी जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद साथी बाइकर्स और स्थानीय लोगों ने डायल-112 की मदद से गंभीर रूप से घायल रिद्धि को चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धमतरी के महापौर रामू रोहरा अस्पताल पहुंचे और अन्य बाइकर्स से घटना की जानकारी ली।

मुंबई के कांदिवली की रहने वाली थीं रिद्धि

मृतका की पहचान रिद्धि ठक्कर (24), निवासी कांदिवली, मुंबई वेस्ट के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक (क्रमांक MH 12 SP 0835) से रायपुर पहुंची थीं और बुधवार सुबह 12 अगस्त को राइडर्स दल के साथ बस्तर के लिए रवाना हुई थीं। समूह में 23 राइडर्स और 3 लोग कार में सवार थे।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी चालक की तलाश जारी

घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुरूर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक और ट्रेलर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है, जो मुंबई से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमॉर्टम और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।


Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *