भिलाई। दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। वर्ष 2026 के शुरुआती लगभग 110 दिनों में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 4,586 चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

यातायात पुलिस ने यह अभियान विशेष रूप से उन क्षेत्रों में केंद्रित किया है, जिन्हें ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट यानी दुर्घटना संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष टीमें तैनात कर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग करने वालों पर नजर रखी जा रही है। जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वालों पर हुई है।


इस श्रेणी में 2,489 मामलों में चालान काटे गए हैं, जो सबसे बड़ी संख्या है। इसके अलावा अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। तेज रफ्तार से वाहन चलाने के 715 मामले दर्ज किए गए हैं। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के 561 मामले सामने आए हैं, जबकि लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने के 528 मामलों पर कार्रवाई की गई है।

सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले मामलों में शराब पीकर वाहन चलाने के 248 मामलों पर भी कार्रवाई की गई है। वहीं कांच पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने वाले 45 वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमों के तहत कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में तकनीक आधारित निगरानी और अधिक मजबूत की जाएगी।

नेहरू नगर से खुर्सीपार, भिलाई-3 और कुम्हारी जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्रों में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और मोबाइल कैमरों के माध्यम से ई-चालान की कार्रवाई और तेज की जाएगी। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के सात प्रमुख चौराहों पर नियमित रूप से हेलमेट चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *