दुनियाभर में कई ऐसे जोड़े हैं, जिनके बीच उम्र का फासला बहुत ज्यादा है. किसी जोड़े के बीच 20 साल का फासला होता है, तो कोई अपनी पत्नी से 40 से बड़ा होता है. सोशल मीडिया पर अक्सर लोग उम्र के फासले की वजह से ऐसे लोगों को ट्रोल करते हैं. कई बार तो भद्दे कमेंट्स का भी सामना करना पड़ता है. ऐसा ही कुछ झेलना पड़ रहा है साउथ अफ्रीका के रहने वाली 41 साल की एस्टी गूसन और उनके 80 वर्षीय पति व दिग्गज गायक एंटोन गूसन को.

दोनों की उम्र में पूरे 40 साल का अंतर है, लेकिन उनके बीच का प्यार आज भी उतना ही मजबूत है. अब यह कपल अपने जीवन के एक नए और बेहद खूबसूरत सफर की शुरुआत करने जा रहा है. एस्टी और एंटोन जल्द ही अपने पहले बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं. एस्टी इस बात से बेहद हैरान हैं कि लोग उनके पति की उम्र को लेकर इतना बड़ा बखेड़ा क्यों खड़ा करते हैं.


एस्टी का मानना है कि जिंदगी में किसी भी चीज की कोई गारंटी नहीं होती. उन्होंने कहा, “मेरे कई ऐसे दोस्त थे जो बहुत कम उम्र में कार हादसों में मारे गए. उम्र और समय सब देखने के नजरिए पर निर्भर करता है. जब हमारा बच्चा दुनिया में आएगा, तो हमारे आसपास ऐसे बहुत से लोग होंगे जो एंटोन की मदद करेंगे, उनकी देखभाल करेंगे और उनसे प्यार करेंगे.”

इस अनोखे कपल की प्रेम कहानी साल 2008 में लंदन में शुरू हुई थी. उस समय 62 साल के एंटोन वहां अपने एक म्यूजिक शो के लिए गए थे, जबकि 23 साल की एस्टी एक कपड़े के स्टोर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रही थीं. एस्टी भी एंटोन का शो देखने पहुंची थीं, जहां दोनों की बातचीत शुरू हुई.

बातचीत के दौरान दोनों को पता चला कि वे दोनों साउथ अफ्रीका के एक ही छोटे से शहर ‘गांसबाई’ से ताल्लुक रखते हैं. इसके बाद फेसबुक के जरिए दोनों का संपर्क बना रहा और जब एस्टी वापस अपने देश लौटीं, तो दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया. करीब 9 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी कर ली, जिसके बाद लोगों ने सिंगर की तीसरी और बहुत छोटी पत्नी को लेकर तरह-तरह की बातें बनाना शुरू कर दिया था.

एस्टी कहती हैं कि जैसे ही वे लोगों को उम्र का फासला बताती हैं, सबका ध्यान सिर्फ उसी पर टिक जाता है. लोग यह नहीं देखते कि वे दोनों रोज एक-दूसरे का कितना ख्याल रखते हैं. लोग सोचते हैं कि एंटोन बूढ़े होने के कारण चिड़चिड़े या गुस्से वाले होंगे, लेकिन असल में वे बेहद जिंदादिल हैं, हमेशा नई चीजें सीखते हैं और उनका जनरल नॉलेज कमाल का है.

दो बेटियों के पिता हैं एंटोन

अफ्रीकी सिंगर एंटोन दो बड़ी बेटियों के पिता हैं, लेकिन एस्टी के साथ यह उनका पहला बेटा होने वाला है. एस्टी न सिर्फ अपने आने वाले बच्चे की तैयारी कर रही हैं, बल्कि वे एंटोन का भी पूरा ख्याल रखती हैं, क्योंकि एंटोन ‘क्रॉनिक ड्राई आई’ नाम की आंखों की बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके लिए उन्हें हमेशा आई ड्रॉप्स और काले चश्मे की जरूरत होती है.

इस कपल की प्रेग्नेंसी की बात तब तक छुपी रही, जब तक कि मार्च 2026 में एंटोन का 80वां जन्मदिन नहीं आया. इस पार्टी में एस्टी का बेबी बंप साफ नजर आने लगा और यह खबर आम हो गई. पार्टी में आए मेहमान तो उनके लिए बेहद खुश थे, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने बेहद भद्दे और कड़वे कमेंट्स किए.

एस्टी ने बताया कि कुछ कमेंट्स इतने घटिया थे कि वे रो पड़ीं और उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था. हालांकि, उन्हें अपने परिवार और सच्चे दोस्तों का पूरा सपोर्ट मिला. पिता बनने जा रहे एंटोन अगले चार महीनों में अपने बेटे के स्वागत के लिए घर को पूरी तरह बदल रहे हैं. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हम बच्चे के लिए मोजार्ट का संगीत बजाना शुरू करना चाहते हैं.

लेकिन जरूरी नहीं कि वह बड़ा होकर म्यूजिशियन ही बने. न ही उसे रग्बी या मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए फुटबॉल खेलने की जरूरत है. वह बस एक खुशहाल और अच्छा इंसान बनना चाहिए जो दूसरों से प्यार करे.” एंटोन ने अपने बेटे के लिए पहले ही एक गिटार खरीद कर रख लिया है और वे उसे क्रिकेट और फुटबॉल सिखाने के लिए बेहद उत्साहित हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *