


कार्डिफ. कब किसकी किस्मत चमक जाए और कब कोई पलक झपकते ही अर्श से फर्श पर आ जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है. कभी कोई लॉटरी टिकट जीतकर रातों-रात करोड़पति बन जाता है, तो कोई इसी टिकट को गंवाकर कंगाल ही रह जाता है. ब्रिटेन के साउथ वेल्स से एक ऐसी ही हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल बैठ जाएगा.
यहां रहने वाली दो बच्चों की मां कैथ मेन (46 वर्ष) के साथ किस्मत ने ऐसा भद्दा मजाक किया है कि वे करोड़पति बनते-बनते रह गईं. दरअसल, कैथ ने अपनी जिंदगी के 20 साल पुराने लकी नंबरों की बदौलत लगभग 150 करोड़ रुपये (12 मिलियन पाउंड) की बम्पर लॉटरी जीती थी. लेकिन इससे पहले कि वे इस रकम पर अपना हक जता पातीं, एक छोटी सी गलतफहमी के कारण दुकानदार ने उनके उस टिकट को कबाड़ समझकर डस्टबिन में फेंक दिया और महिला कंगाल की कंगाल रह गई.

पेशे से एक रग्बी क्लब में ट्रेजरर का काम करने वाली कैथ मेन ने बताया कि वो पिछले 20 सालों से एक ही नंबर कॉम्बिनेशन से लॉटरी का टिकट खरीद रही थीं. हर हफ्ते की तरह इस बार भी 6 जून की लॉटरी के लिए उन्होंने वही नंबर चुने थे और उनकी मां फियोना (जो एक कैफे की मालकिन हैं) ने उनके लिए यह टिकट खरीदा था.
लॉटरी के नतीजे आने के बाद जब कैथ ने खबरों में देखा कि 120 करोड़ रुपये का जैकपॉट अभी तक किसी ने क्लेम नहीं किया है, तो उन्होंने उत्सुकता में नंबर चेक किए. नंबर देखते ही कैथ खुश हो गईं, क्योंकि वे सारे नंबर उनके ही थे. उन्होंने तुरंत अपनी मां को फोन करके पूछा कि क्या उन्होंने टिकट लिया था? मां ने कहा हां, लेकिन जब कैथ ने कहा कि हम लॉटरी जीत चुके हैं, तो मां ने बताया कि वह टिकट तो अब रहा ही नहीं.
असल में हुआ यह था कि कैथ की मां फियोना उस टिकट को चेक कराने के लिए एबरसीनन इलाके की एक लॉटरी दुकान पर लेकर गईं. वहां जब दुकान के कर्मचारी ने टिकट को मशीन में डाला, तो मशीन से वैसी आवाज नहीं आई जैसी आमतौर पर विजेता टिकट होने पर आती है. कर्मचारी ने फियोना से कहा कि इस टिकट पर कोई इनाम नहीं निकला है और पूछा कि क्या वे टिकट वापस चाहती हैं?
फियोना ने सोचा कि जब कुछ जीता ही नहीं है, तो इसका क्या करना और उन्होंने कर्मचारी से उसे फेंकने को कह दिया. कर्मचारी ने टिकट को डस्टबिन में डाल दिया. जब तक कैथ को इस जीत का पता चला, तब तक दुकान का सारा कचरा साफ हो चुका था और वह टिकट हमेशा के लिए गायब हो चुका था. हालांकि, लॉटरी चलाने वाली आधिकारिक कंपनी ऑलविन (Allwyn) ने अब इस पूरे मामले की हाई-लेवल जांच शुरू कर दी है.
कैथ ने कंपनी को सबूत के तौर पर टिकट खरीदने का डिजिटल प्रूफ और पड़ोस के एक सैलून के डोरबेल कैमरे की सीसीटीवी फुटेज सौंपी है, जिसमें उनकी मां उस वक्त दुकान के अंदर जाती दिख रही हैं. दुकान के मालिक करण कुमार ने बताया कि उस समय दुकान में रेनोवेशन का काम चल रहा था, इसलिए अंदर सीसीटीवी नहीं था, लेकिन हो सकता है कि उस दिन मशीन में कोई खराबी आ गई हो.
कंपनी ने फिलहाल उस दुकान के लॉटरी टर्मिनल को सीज कर दिया है और मामले की जांच के लिए 30 दिनों का समय मांगा है. कैथ ने नम आंखों से कहा कि वे खुद को दुनिया की सबसे बदकिस्मत विजेता मानती हैं, क्योंकि कागज का एक टुकड़ा न होने की वजह से अरबों रुपये उनके सामने होकर भी उनके नहीं हैं.
