



दुर्ग/ राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दुर्ग जिले में 6 लाख 71 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य कार्यक्रम 17 सितंबर को शाम 6 बजे दुर्ग की पुरानी पुलिस लाइन में आयोजित होगा, जहां सवा लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसके साथ ही जिले की 30 चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में 30 हजार, नगर निगम दुर्ग में 30 हजार, नगर निगम भिलाई-चरोदा में 5 हजार, नगर निगम भिलाई में 1 लाख 25 हजार तथा नगर निगम रिसाली में 51 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। विकासखंड दुर्ग की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में 75 हजार, धमधा विकासखंड में 1 लाख 20 हजार तथा पाटन विकासखंड में 1 लाख 10 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही विकसित भारत-2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को जन-जन से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और सेवा एवं सुशासन की भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
एक माह तक होंगे विविध आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 18 सितंबर से 3 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा, 17 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर तथा 15 से 17 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर एवं 12 से 14 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी प्रकार 1 से 5 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’, 7 अक्टूबर को ‘ज्योति कलश यात्रा – विकसित भारत का संकल्प’,
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’, 1 से 5 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार’, 29 सितंबर को ‘सेवा के रंग – राष्ट्र के संग’, 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम भी अभियान के तहत आयोजित होगा।
जिला प्रशासन दुर्ग ने नागरिकों से अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
