दुर्ग। दिवाली के त्योहार से पहले लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिठाई दुकानों पर जांच अभियान तेज कर दिया है। दुर्ग में खाद्य विभाग की टीम ने कई मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान दो दुकानों से बड़ी मात्रा में खराब और पुरानी मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई में कुल 115 किलो मिठाई नष्ट की गई।

जायका और बालाजी प्रतिष्ठान में मिली खराब मिठाई

खाद्य विभाग की टीम ने स्मृति नगर स्थित जायका स्वीट्स और पुलगांव स्थित बालाजी प्रतिष्ठान में जांच की। इस दौरान बालाजी प्रतिष्ठान से करीब 100 किलो पुराना कुंदा बरामद हुआ, जबकि जायका से 15 किलो गुलाब जामुन मिला। खाद्य विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में मिली मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।


सत्यम, जलाराम और तृप्ति में भी जांच जारी

त्योहारी सीजन में मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग की टीम लगातार मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। सत्यम, जलाराम और तृप्ति सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भी जांच अभियान जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले भी खाद्य विभाग की टीम 50 से अधिक मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के सैंपल ले चुकी है। इन नमूनों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।

ज्यादा रंग और चांदी वर्क वाली मिठाइयों से बचने की सलाह

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने त्योहार के दौरान मिठाई खरीदने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि ग्राहक अत्यधिक चमकीले रंगों और जरूरत से ज्यादा चांदी के वर्क वाली मिठाइयां खरीदने से बचें। साथ ही मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, गुणवत्ता और साफ-सफाई का भी ध्यान रखें।

त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान

दिवाली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य विभाग ने दुकानों की निगरानी तेज कर दी है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *