


बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के देवर को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 20 सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली 29 वर्षीय महिला पुष्पा ध्रुव (पति सोमनाथ ध्रुव) का शव उसके घर के पीछे बाड़ी में पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर स्पष्ट हुआ कि महिला पर किसी भारी वस्तु से सिर और चेहरे पर गंभीर वार किए गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने जब घर के पीछे खून से सनी लाश देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र को घेर लिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में उसे संदिग्ध माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं और हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।
