Petrol-Diesel Price Today: ग्लोबल मार्केट के लिहाज से जून का महीना कमोडिटी बाजार के लिए काफी उथल-पुथल भरा रहा। इस दौरान कच्चे तेल (Crude Oil) और सोने (Gold) दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जहां कच्चा तेल करीब 21 फीसदी तक टूट गया, वहीं सोने के भाव में भी लगभग 14 प्रतिशत की कमी आई। सोने की इस गिरावट का असर भारतीय घरेलू बाजार पर भी दिखा और सोना सस्ता हुआ, लेकिन पेट्रोल-डीजल के मोर्चे पर आम जनता को फिलहाल सरकारी कंपनियों से कोई राहत नहीं मिली है।

सरकारी तेल कंपनियों की लंबी खामोशी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी के बावजूद देश की सरकारी तेल कंपनियां (Oil PSUs) पूरे जून महीने में शांत बैठी रहीं। गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई फेरबदल नहीं किया गया। आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय बाजार में आखिरी बार ईंधन की कीमतों में बदलाव 25 मई 2026 को देखा गया था, जिसके बाद से तेल के दाम एक ही जगह पर स्थिर बने हुए हैं।


महानगरों में ईंधन के मौजूदा रेट

सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, देश के प्रमुख महानगरों में ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं। देश की राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपए और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का रेट 111.21 रुपए और डीजल 97.83 रुपए है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपए व डीजल 99.02 रुपए, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपए और डीजल 99.55 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर बना हुआ है।

विभिन्न शहरों में पेट्रोल-डीजल का दाम

शहर पेट्रोल का भाव रुपए प्रति लीटर डीजल का भाव रुपए प्रति लीटर
दिल्ली 102.12 95.20
कोलकाता 113.51 99.82
मुंबई 111.21 97.83
चेन्नई 107.77 99.55
नोएडा 102.12 97.56
चंडीगढ़ 101.51 89.47
लखनऊ 101.89 95.36
पटना 113.37 99.36
रांची 105.26 100.49

MP-CG में पेट्रोल-डीजल का दाम

रायपुर: 108.06 ₹/L पेट्रोल, 101.60 ₹/L डीजल
बिलासपुर: 108.64 ₹/L पेट्रोल, 101.90 ₹/L डीजल
भोपाल: 114.19 ₹/L पेट्रोल, 99.33 ₹/L डीजल
इंदौर: 115.00 ₹/L पेट्रोल, 100.09 ₹/L डीजल

इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड का सबसे खराब दौर

कच्चे तेल के लिए जून 2026 का महीना, साल 2020 के मार्च (कोरोना काल) के बाद का सबसे खराब महीना साबित हुआ है। इस दौरान ब्रेंट क्रूड में लगभग 21% की गिरावट आई, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड की कीमतों में करीब 31 डॉलर की कमी देखी गई। गुरुवार सुबह भी बाजार लाल निशान पर था, जहां ब्रेंट क्रूड 71.12 डॉलर और डब्ल्यूटीआई क्रूड 68.02 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। ईरान संकट के बाद जो क्रूड 50% तक महंगा हुआ था, वह अब काफी नीचे आ चुका है।

प्राइवेट फ्यूल रिटेलर ने घटाया दाम

इस बीच, देश की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर ‘नायरा एनर्जी’ ने आम जनता को राहत देते हुए 1 जुलाई 2026 से पेट्रोल के दाम 5 रुपए और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर घटा दिए हैं। इसके बाद अब सबकी नजरें सरकारी कंपनियों (IOC, HPCL, BPCL) पर टिकी हैं। हालांकि, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि सरकारी कंपनियां तभी दाम घटाएंगी जब उन्हें सरकार की तरफ से हरी झंडी मिलेगी, क्योंकि उन्होंने इजरायल-ईरान तनाव के दौरान कच्चे तेल के महंगे होने के बावजूद करीब ढाई महीने तक कीमतों को बढ़ने नहीं दिया था।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed