अज्ञात अंधे कत्ल की गुत्थी 6 घंटे में सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। ग्राम डूमर में पानी टंकी के पास मिले युवक के शव के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर जप्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम डूमर के कोटवार से सूचना मिली कि गांव स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव पर अंकित गोदना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई।


मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। विवेचना में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे घटना की रात एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद हुआ और देर रात करीब 1 बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से घटना में प्रयुक्त सब्बल और अपने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर जानकारी जुटाई और मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद किए।

पुलिस ने मामले में सोमनाथ उर्फ लालू यादव एवं राहुल कुर्रे (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर को गिरफ्तार कर हत्या के अपराध में वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना का कारण शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद था। इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही, वहीं घटना से जुड़े साक्ष्य बरामद करने में एसडीआरएफ टीम का विशेष योगदान रहा।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *