



सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) में ट्रेनिंग करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छा मौका है. कंपनी ने अप्रेंटिस के 3047 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए 10वीं पास, ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवार अपनी क्वालिफिकेशन के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 29 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं.
3047 पदों पर होगी भर्ती
ONGC की इस भर्ती के तहत देश के अलग-अलग केंद्रों पर अप्रेंटिस के पद भरे जाएंगे. इनमें देहरादून, दिल्ली, जोधपुर, गोवा, हजीरा, मुंबई, उरण और पनवेल जैसे स्थान शामिल हैं. यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत की जा रही है. उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि यह ट्रेनिंग कार्यक्रम है, नियमित सरकारी नौकरी नहीं. भर्ती से संबंधित विज्ञापन संख्या ONGC/APPR/1/2026 है.

कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में 10वीं पास से लेकर ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवारों को मौका दिया गया है. हालांकि, प्रत्येक ट्रेड के लिए एजुकेशनल क्वालिफिकेशन अलग-अलग निर्धारित है. इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में संबंधित ट्रेड की एलिजिबिलिटी चेक करना जरूरी है.
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 29 नवंबर 2026 को 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए. SC और ST वर्ग को अधिकतम एज लिमिट में 5 साल, जबकि OBC वर्ग को 3 साल की छूट मिलेगी. दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार 10 से 15 साल तक की छूट दी जाएगी. इसके अलावा, उम्मीदवार का संबंधित पात्र जिले का निवासी होना या वहां से पढ़ाई करना जरूरी है.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेड और एजुकेशनल क्वालिफिकेशन के अनुसार हर महीने 8200 से 12,300 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा. सभी ट्रेड के लिए ट्रेनिंग की अवधि 12 महीने होगी. पहले अप्रेंटिसशिप कर चुके उम्मीदवार और एक साल या उससे ज्यादा वर्क एक्सपीरियंस रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन के एलिजिबल नहीं होंगे.
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
ONGC अप्रेंटिस भर्ती में लिखित परीक्षा नहीं होगी. उम्मीदवारों की एजुकेशनल क्वालिफिकेशन में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी. इसके बाद डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन होगा. दो उम्मीदवारों के नंबर समान होने पर ज्यादा उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी. भर्ती का रिजल्ट 15 दिसंबर 2026 को जारी किए जाने की जानकारी दी गई है.
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. NAPS ट्रेड के लिए apprenticeshipindia.gov.in और NATS ट्रेड के लिए nats.education.gov.in पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. आवेदन करते समय जन्मतिथि प्रमाण, शैक्षणिक मार्कशीट, डिग्री या ITI प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और पहचान पत्र तैयार रखें.
