
मुंगेली। जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को घटना के दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतका सेतगंगा क्षेत्र की रहने वाली थी, जो 12-13 अप्रैल की दरम्यानी रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी।
सुबह परिजनों ने उसे तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 13 अप्रैल को सुबह करीब 12 बजे गाड़ाघाट के पगडंडी मार्ग पर एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर की सूचना के आधार पर लालाराम यादव (38 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था और वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से परेशान होकर उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।


योजना के तहत उसने 12 अप्रैल को युवती को फोन कर बुलाया और बाइक से गाड़ाघाट ले गया। वहां पहुंचकर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए उसका मोबाइल फोन ग्राम छटन के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक (CG-28 B-7299) बरामद कर ली है।
मामले में पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला गंभीर आपराधिक श्रेणी का है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताई है और कहा है कि ऐसे मामलों में समय रहते हस्तक्षेप जरूरी है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
