



अगर आप 10वीं पास हैं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो डाक विभाग में आपके लिए बड़ा मौका है. भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं. आवेदन से पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना होगा. OTR की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है जबकि ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू होगी. इच्छुक उम्मीदवार 21 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे.
23,757 पदों पर होगी भर्ती
डाक विभाग की इस भर्ती में देश के अलग-अलग पोस्टल सर्किल में खाली पद भरे जाएंगे. स्टेट वाइज देखें तो महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 2,297 पद हैं. इसके बाद तमिलनाडु में 2,118, उत्तर प्रदेश में 1,691, पश्चिम बंगाल में 1,619 और मध्य प्रदेश में 1,450 पद हैं. झारखंड में 1,379, केरल में 1,373, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में 1,354, ओडिशा में 1,353, कर्नाटक में 1,116 और बिहार में 1,098 पद शामिल हैं.

कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. 10वीं में मैथ्स और अंग्रेजी विषय पढ़ना अनिवार्य है. उम्मीदवार को संबंधित राज्य या पोस्टल सर्किल की स्थानीय भाषा की नॉलेज भी होनी चाहिए. इसके अलावा बेसिक कंप्यूटर की जानकारी और साइकिल चलाने की क्षमता जरूरी है. उम्मीदवार की उम्र 21 सितंबर 2026 को 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम एज लिमिट में छूट मिलेगी.
बिना परीक्षा होगा चयन
GDS भर्ती में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी. चयन 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा. कंप्यूटर सिस्टम अंकों की गिनती चार दशमलव तक करेगा. मेरिट में आने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच से गुजरना होगा. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नियुक्ति दी जाएगी.
