भारतीय टीम ने किया ऐतिहासिक रन चेज, अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में बनाई जगह...

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। भारतीय टीम ने चार फरवरी को अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम के खिलाफ टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला।

इस मैच में अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 310 रनों का स्कोर बनाया, जिसमें उनकी तरफ से फैजल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली। इसके जवाब में टीम इंडिया ने टारगेट को सिर्फ 41.1 ओवर्स में तीन विकेट के नुकसान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के साथ टूर्नामेंट में एक नया इतिहास भी रचने का काम किया। टीम इंडिया की तरफ से इस मैच में आरोन जॉर्ज ने अपनी शतकीय पारी के दम पर जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।

भारतीय टीम ने 10वीं बार बनाई फाइनल में जगह

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप का ये 16वां संस्करण खेला जा रहा है, जिसमें सभी में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। भारतीय टीम इस बार भी फाइनल मुकाबले में पहुंचने के साथ टूर्नामेंट के इतिहास में 10वीं बार फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर चुकी है, इसी के साथ अब उनके पास खिताब जीतने का शानदार मौका रहने वाला है, जहां पर 6 फरवरी को उनका सामना इंग्लैंड की अंडर-19 टीम से होगा, जिन्होंने पहले सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को मात दी थी।

टीम इंडिया की जीत बनी ऐतिहासिक

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में ना सिर्फ 7 विकेट से मात दी बल्कि टूर्नामेंट में कुछ नए इतिहास भी लिख दिए। ये अभी तक के अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक रनों के टारगेट का सफल पीछा भी बन गया है। वहीं टीम इंडिया ने इस टारगेट को 53 गेंद पहले ही अपने नाम कर लिया था, जिसके साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप 250 से अधिक के टारगेट का पीछा करते हुए ये दूसरी सबसे तेज जीत भी बन गई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *